
नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में हुई दहेज हत्या की सनसनीखेज घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। शादी के महज चार महीने बाद ही युवती की हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के कम पढ़ी-लिखी होने और कम दहेज लाने से नाराज था।
मृतका कहकशा आलम की शादी 19 नवंबर 2025 को शहवाज आलम निवासी रिस्पना नगर, देहरादून से हुई थी। मृतका के भाई सलमान आसिफ निवासी रुद्रप्रयाग ने 4 मार्च 2026 को थाना नेहरू कॉलोनी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। 3/4 मार्च की रात ससुराल पक्ष द्वारा उसे महंत इन्द्रेश अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया।
तहरीर के आधार पर थाना नेहरू कॉलोनी में मु0अ0सं0 77/26, धारा 80(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवाह को चार माह ही हुए होने के कारण संबंधित मजिस्ट्रेट द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई कराई गई तथा डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। विवेचना क्षेत्राधिकारी मसूरी को सौंपी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित टीम ने 5 मार्च 2026 को आरोपी पति शहवाज आलम (उम्र 29 वर्ष) निवासी सी-36, रिस्पना नगर, थाना नेहरू कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से ग्राम दिनौड़ा, थाना सोती की नांगल, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है।
पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका विवाह उसकी इच्छा के विरुद्ध हुआ था और वह पत्नी के कम पढ़ी-लिखी होने से खुश नहीं था। साथ ही शादी में कम दहेज मिलने से उसका और उसके परिवार का व्यवहार बदल गया था। आरोपी ने बताया कि वह दूसरी जगह अधिक दहेज के लालच में शादी करना चाहता था।
करीब एक सप्ताह पूर्व उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 3 मार्च 2026 को पत्नी के सो जाने पर आरोपी ने कंबल से उसका मुंह दबा दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह परिजनों के साथ उसे महंत इन्द्रेश अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी ने मृतका के मायके पक्ष को बीमारी की वजह से हालत गंभीर होने की सूचना दी थी, ताकि मौत को स्वाभाविक दिखाया जा सके। लेकिन अस्पताल द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने पर आरोपी घबरा गया और फरार हो गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



