राष्ट्रपति के ड्रीम प्रोजेक्ट पर तेजी से काम, नवंबर तक खुलेगा राष्ट्रपति उद्यान

देहरादून। राष्ट्रपति Droupadi Murmu के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड के साथ-साथ उनके ड्रीम प्रोजेक्ट राष्ट्रपति उद्यान का भी निरीक्षण किया गया। देहरादून में निर्माणाधीन यह परियोजना भविष्य में पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की ओर अग्रसर है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति उद्यान परिसर का निरीक्षण कर वहां चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण वह परिसर में अधिक समय नहीं बिता सकीं, लेकिन उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति, निर्माण गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा को लेकर फीडबैक लिया।
राष्ट्रपति उद्यान के निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि नवंबर 2026 तक यह परियोजना पूरी तरह तैयार हो जाएगी। इसके पूरा होने के बाद देहरादून और उत्तराखंडवासियों को एक नई सौगात मिलेगी।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जून 2025 में इस परियोजना का शिलान्यास किया था। शिलान्यास के बाद से निर्माण कार्य लगातार जारी है और विभिन्न चरणों में परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी Central Public Works Department को सौंपी गई है।
करीब 132 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे राष्ट्रपति उद्यान को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। परिसर को इस प्रकार विकसित किया जा रहा है कि यहां आने वाले लोगों को प्रकृति, संस्कृति, मनोरंजन और स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।
देहरादून के जिलाधिकारी Ashish Chauhan ने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और वर्तमान प्रगति को देखते हुए नवंबर तक परियोजना के तैयार होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति इस परियोजना को लेकर गंभीर हैं और समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
राष्ट्रपति उद्यान को केवल एक पार्क नहीं, बल्कि देहरादून की नई पहचान के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह परियोजना पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



