बम-बम भोले के जयघोष के साथ रवाना हुई चतुर्थ केदार रुद्रनाथ की डोली, आज खुलेंगे कपाट

गोपेश्वर/चमोली: ‘बम-बम भोले’ के जयघोष और भक्तों की श्रद्धा के बीच चतुर्थ केदार रुद्रनाथ मंदिर की चल विग्रह डोली रविवार को अपने शीतकालीन गद्दीस्थल गोपीनाथ मंदिर से मध्य हिमालय क्षेत्र के लिए रवाना हो गई। डोली श्रद्धालुओं के साथ रात्रि प्रवास के लिए पनार बुग्याल पहुंची।
सोमवार को डोली रुद्रनाथ धाम पहुंचेगी, जहां विधि-विधान के साथ दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर ग्रीष्मकाल के लिए मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।
विशेष पूजा और भव्य श्रृंगार
रविवार तड़के कपाट खुलने की प्रक्रिया के तहत गोपीनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भगवान रुद्रनाथ की देव डोली का फूलों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। ढोल-दमाऊं और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच डोली को विदा किया गया।
इस वर्ष रुद्रनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की जिम्मेदारी पुजारी हरीश भट्ट निभा रहे हैं।
कठिन लेकिन आस्था से भरी यात्रा
रुद्रनाथ धाम समुद्र तल से करीब 3600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और यहां पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को दुर्गम पैदल मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है। पनार बुग्याल जैसे रमणीय पड़ाव इस यात्रा को आध्यात्मिक के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य से भी भर देते हैं।



